Advertisement

मोतीपुर में बड़ा हादसा टला: LPG गैस लोड टैंकर पलटी, इलाके में मची अफरा-तफरी

-मोतीपुर में बड़ा हादसा टला: LPG गैस लोड टैंकर पलटी, इलाके में मची अफरा-तफरी

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारियार वाटर पार्क के समीप शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुजफ्फरपुर से मोतिहारी जा रही LPG गैस लोड टैंकर अचानक पलट गई। टैंकर के पलटते ही गैस रिसाव की आशंका से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने गैस रिसाव को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संबंधित विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और हालात पर नजर बनाए रखी।


स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गैस रिसाव की वजह से आसपास के घरों से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और संभावित खतरे को टाल दिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि टैंकर पूरी तरह पलटने से बच गया था, लेकिन रिसाव के कारण बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया था।
पुलिस एवं प्रशासन की तत्परता से किसी बड़ी दुर्घटना को टाल लिया गया। फिलहाल टैंकर को सुरक्षित स्थिति में खड़ा कर दिया गया है और गैस रिसाव पूरी तरह बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने एहतियातन इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।