Advertisement

मृतक के आश्रित को नौकरी देने की प्रक्रिया तेज

-मृतक के आश्रित को नौकरी देने की प्रक्रिया तेज

-जिला स्तरीय विशेष अनुकंपा समिति की बैठक संपन्न

मुजफ्फरपुर। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज हत्या के मामलों में आरोप गठन के पश्चात मृतक के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी मुजफ्फरपुर श्री सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विशेष अनुकंपा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला समाहरणालय में आयोजित की गई।
बैठक में अधिनियम, 1989 एवं इसके तहत बने नियमों के आलोक में बोचहा थाना क्षेत्र से संबंधित एक मामले की विस्तृत समीक्षा की गई। यह मामला बोचहा थाना कांड से जुड़ा है, जिसमें स्वर्गीय रामनरेश राम की हत्या के बाद उनके आश्रित पुत्र श्री संजीव कुमार को अनुकंपात्मक नियुक्ति दिए जाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया।
समिति के समक्ष प्रस्तुत अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर यह पाया गया कि संबंधित मामले में आरोप गठन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इसके पश्चात अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार मृतक के आश्रित को जिला संवर्ग में परिचारी (विशिष्ट) के पद पर नियुक्ति का प्रावधान है।


बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से नियमों के अनुरूप श्री संजीव कुमार को कार्यालय परिचारी के पद पर नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की। समिति ने इसे पीड़ित परिवार को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
जिला पदाधिकारी ने जिला स्थापना उपसमाहर्ता को निर्देश दिया कि अभ्यर्थी से संबंधित सभी आवश्यक कागजातों का शीघ्र सत्यापन कर नियुक्ति की प्रक्रिया को त्वरित एवं नियमानुसार पूर्ण किया जाए, ताकि मृतक के आश्रित को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय और सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, श्रमायुक्त मुजफ्फरपुर, राज्य कर संयुक्त आयुक्त (पूर्वी/पश्चिमी) मुजफ्फरपुर, जिला स्थापना उपसमाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित वरीय अधिकारी उपस्थित थे।