-नेपाल जेसीज का 52वां राष्ट्रीय महाधिवेशन जनकपुरधाम में हुआ शुरू
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
नेपाल जेसीज का 52वां राष्ट्रीय महाधिवेशन शनिवार की रात जनकपुरधाम में भव्य रूप से शुरू हुआ। महाधिवेशन का उद्घाटन जनकपुरधाम के मेयर ने रिमोट के माध्यम से किया। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय महाधिवेशन में नेपाल की 174 शाखाओं से 2500 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
महाधिवेशन में अंतरराष्ट्रीय स्तर की भी सहभागिता देखने को मिल रही है। जापान के विश्व उपाध्यक्ष सुजुकी सहित कई देशों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए हैं। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और भाषाई विविधता के माध्यम से ‘एकता में विविधता’ का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
उद्घाटन समारोह में प्रमुख अतिथि जनकपुरधाम के मेयर ने अपने संबोधन में कहा कि जेसीज नेपाल समाजोपयोगी कार्यों में लगातार बढ़-चढ़कर भाग ले रहा है और युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर नेपाल जेसीज के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, निवर्तमान अध्यक्ष तथा सभी शाखाओं के अध्यक्षों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में आए अतिथियों को पारंपरिक मिथिला व्यंजनों का स्वाद कराया गया। सांस्कृतिक संध्या में झिझिया, जट-जटिन और सामा-चकेवा जैसे लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने सभी का मन मोह लिया।
महाधिवेशन में पूर्व विधायक परमेश्वर साह, पूर्व मेयर लाल किशोर साह, जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र भंडारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस राष्ट्रीय महाधिवेशन के दौरान मतदान प्रक्रिया के माध्यम से नए राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकारिणी पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।














