-बन्दरा व पियर चौक में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त,नोटिश जारी
-दुकानदारों को 22 दिसम्बर तक खाली करने का नोटिस
-अन्यथा की स्थिति में प्रशासन कराएगा खाली
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
बन्दरा अंचल प्रशासन ने प्रखंड मुख्यालय बन्दरा चौक एवं पियर चौक बाजार के आसपास सरकारी भूमि और सड़क पर किए गए अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में प्रशासन की ओर से क्षेत्र के सभी दुकानदारों को नोटिस जारी कर दुकान के सामने किए गए अतिक्रमण को निर्धारित समय सीमा के भीतर हटाने का निर्देश दिया गया है।
जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में भी अधिकारियों द्वारा स्थल पर जाकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया जा चुका है, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई नहीं की। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अंतिम चेतावनी जारी की है।

नोटिस के अनुसार, सभी संबंधित लोगों को 22 दिसम्बर तक अतिक्रमित सरकारी भूमि और सड़क को स्वयं खाली करना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के बाद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अतिक्रमण हटाने में होने वाले खर्च की वसूली भी संबंधित लोगों से की जाएगी।
इस संबंध में अंचलाधिकारी अंकुर राय ने बताया कि बन्दरा प्रखंड मुख्यालय एवं पियर चौक बाजार क्षेत्र में यातायात और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने दुकानदारों से समय रहते अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए इसे अति आवश्यक बताया है।











