मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने दिया इस्तीफा, 24 घंटे की डेडलाइन में बहुमत साबित करने में विफल

-मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने दिया इस्तीफा, 24 घंटे की डेडलाइन में बहुमत साबित करने में विफल

जनकपुरधाम। मिश्री लाल मधुकर।

मधेश प्रदेश की राजनीतिक हलचल शुक्रवार शाम अचानक तेज हो गई जब मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने बहुमत साबित करने में विफल रहने के बाद शाम लगभग 6 बजे गवर्नर डॉ. उपेन्द्र लाभ को अपना त्यागपत्र सौंप दिया।

1 दिसंबर को उच्च अदालत द्वारा दिए गए आदेश में मुख्यमंत्री को 24 घंटे के भीतर सदन में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी वे सदन का विश्वास हासिल नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।

गौरतलब है कि सरोज कुमार यादव ने सिर्फ 22 दिन पहले नाटकीय परिस्थितियों में पदभार ग्रहण किया था। मध्य रात्रि में बर्दीबास स्थित एक होटल में तत्कालीन गवर्नर सुमित्रा देवी भंडारी ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी। इस घटना को व्यापक रूप से असंवैधानिक बताते हुए विपक्ष और कई संवैधानिक विशेषज्ञों ने कड़ा विरोध जताया था।

कार्यवाहक प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने भी इस शपथ ग्रहण को गैरकानूनी मानते हुए सरोज कुमार यादव को पद से बर्खास्त कर दिया था। इसी विवाद के क्रम में सभामुख राम चंद्र मंडल को भी अपने पद से हटना पड़ा।

अब प्रदेश में नई राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है और राज्यपाल द्वारा आगे के राजनीतिक विकल्पों पर जल्द ही निर्णय लेने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles