-“प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ ने देश को दिया नई प्रेरणा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का बयान”
पटना। ब्यूरो।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” को सुनने के बाद अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज के संवाद में देश, समाज, परंपरा और वैश्विक सम्मान से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें उठाईं, जो हर भारतवासी को प्रेरित करने वाला है।
दिलीप जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर की वादियों में मधुमक्खी पालन का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे वहां के लोग शहद उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का एक बड़ा माध्यम बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने भारतीय नौसेना की बहादुरी और राष्ट्र सुरक्षा में उनकी भूमिका की भी सराहना की। जायसवाल के अनुसार, पीएम ने बताया कि किस तरह नौसेना के जवान समुद्री सीमाओं की रक्षा में दिन-रात तत्पर रहते हैं।

भूटान का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के मजबूत और सांस्कृतिक रिश्तों पर भी प्रकाश डाला। साथ ही भगवान बुद्ध के पावन अवशेषों को विश्वभर में प्रदर्शित किए जाने और उससे भारत के प्रति बढ़ते वैश्विक सम्मान की चर्चा की।
जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने “वोकल फॉर लोकल” के मंत्र को फिर दोहराते हुए सभी देशवासियों से अपील की कि वे भारत में निर्मित वस्तुओं को अपनाएँ, क्योंकि यही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का मार्ग है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव ही पूरी दुनिया को भारत की ओर आकर्षित करता है। देश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने महिला ब्लाइंड खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली रैंक हासिल करने की उपलब्धि पर विशेष गर्व व्यक्त किया।
अंत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के आज के संदेश ने एक बार फिर हर नागरिक को देशहित, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व के प्रति प्रेरित किया है।













