-मध्य विद्यालय सिमरा में दिव्यांगता खेलकूद शिविर का आयोजन
-प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
विश्व दिव्यांगता दिवस के उपलक्ष में प्रखंड स्तरीय दिव्यांगता खेलकूद शिविर का आयोजन मध्य विद्यालय सिमरा के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का संचालन समावेशी शंकाय की टीम द्वारा अशोक कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया।
शिविर में जलेबी दौड़, बोरा दौड़, सेब दौड़, सुई-धागा दौड़, सामान्य दौड़ एवं चित्रकला प्रतियोगिता जैसी विभिन्न रोचक गतिविधियों का आयोजन हुआ। इन प्रतियोगिताओं में दिव्यांग बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले छात्रों को कॉपी, कलम, इंस्ट्रूमेंट बॉक्स आदि देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मध्य विद्यालय सिमरा के प्रधान शिक्षक हरेंद्र तिवारी, शिक्षक सुरेंद्र कुमार, संजय कुमार, दिनेश यादव सहित अन्य शिक्षकों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को उभरने का संदेश दिया गया।













