-मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिवालय के विभिन्न विभागों का किया निरीक्षण, दिए कई आवश्यक निर्देश
पटना।ब्यूरो।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्य सचिवालय स्थित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य सचिव कोषांग, मंत्रिमंडल कक्ष, वित्त मंत्री का कार्यालय, अतिथि कक्ष सहित कई महत्वपूर्ण इकाइयों की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुँचें और कार्यों का निष्पादन पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि सरकारी कामकाज समय पर पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित हो और पूरा परिसर आकर्षक एवं सुव्यवस्थित दिखे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि—
जहाँ आवश्यक हो वहाँ पौधारोपण कराया जाए, ताकि परिसर और उद्यान क्षेत्र और अधिक हरा-भरा बने।
आगंतुकों के बैठने व अन्य सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
मुख्य सचिवालय को और बेहतर एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सुदृढ़ योजना पर कार्य किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, श्री कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह एवं विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












