-जिले के पूर्वी व दक्षिणी ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी
मुजफ्फरपुर।दीपक।
जिले के पूर्वी और दक्षिणी ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को चार घंटे तक बिजली सेवा ठप रहेगी। एसकेएमसीएच ग्रिड सब स्टेशन में करेंट ट्रांसफॉर्मर के मेंटेनेंस तथा उसकी क्षमता बढ़ाने के लिए निर्धारित कार्य किया जाना है। इसी कारण सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक 33 केवी बोचहां व कटरा फीडर की आपूर्ति बंद रहेगी।

बिजली बाधित रहने की वजह से कटरा, गायघाट, बोचहां और औराई प्रखंड के अधिकांश ग्रामीण इलाकों में बिजली नहीं रहेगी। इस शटडाउन का प्रभाव करीब छह दर्जन से अधिक पंचायतों पर पड़ेगा, जिससे स्थानीय लोगों को दिन के समय होने वाले कार्यों में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय में आवश्यक कार्यों की पहले ही तैयारी कर लें। मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी।












