-बारात में दुपट्टा खींचने की घटना से मचा हड़कंप, लाठी-डंडों से हुई मारपीट – कई घायल, जेवरात की चोरी भी
भागलपुर।संवाददाता।
ईशीपुर थाना क्षेत्र के बाराहाट इलाके में रविवार देर शाम शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब बारात के दौरान एक नाबालिग लड़की का दुपट्टा खींचने की घटना से माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। देखते-देखते मामला इतना बिगड़ा कि दोनों पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष छिड़ गया और बारात मारपीट के मैदान में तब्दील हो गई।
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के एक गांव के लिए निकली बारात में महिलाएं और पुरुष डांस करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान जब दूल्हा नजदीक के एक मंदिर में प्रणाम करने गया, तभी गांव के ही दूसरे टोला के एक युवक ने बारात में शामिल नाबालिग लड़की का दुपट्टा खींच लिया। विरोध करने पर आरोपी युवक ने लड़की को धक्का देकर गिरा दिया। भयभीत लड़की जैसे-तैसे उठकर भागने लगी, लेकिन आरोपी युवक के परिवार की कुछ महिलाओं ने भी उस पर हमला कर दिया।
थोड़ी ही देर में आरोपी युवक के टोले के कई लोग लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बारातियों पर हमला बोल दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। अचानक हुए हमले से बारातियों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष विकास कुमार और इंस्पेक्टर अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की।
दूल्हे के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आठ नामजद और लगभग 50 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया है। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान हड़कंप का फायदा उठाकर आरोपियों ने दूल्हे की गाड़ी में रखे जेवरात चोरी कर लिए।
दूल्हे के बयान के अनुसार, उसके भाई के हाथ की चांदी की ब्रेसलेट, चेन तथा बारात में शामिल एक लड़की का सोने का चेन गायब हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद सभी बाराती दहशत में हैं और शादी की खुशियां कई परिवारों के लिए तनाव और सदमे में बदल गई हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











