Advertisement

मुशहरी प्रखंड कार्यालय का मुख्य द्वार अंधेरे में, करोड़ों की लागत बेकार

-मुशहरी प्रखंड कार्यालय का मुख्य द्वार अंधेरे में, करोड़ों की लागत बेकार

-असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, प्रशासन मौन

मुजफ्फरपुर। मुशहरी प्रखंड कार्यालय का मुख्य द्वार इन दिनों अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे आम लोगों तथा कर्मचारियों को शाम के बाद आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार लाखों रुपए खर्च कर प्रखंड परिसर और प्रखंड कार्यालय का मुख्य द्वार बनाया गया, लेकिन प्रकाश व्यवस्था की उचित व्यवस्था नहीं होने से यह पूरी तरह बेकार साबित हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर कई गरीबों को उजाड़ दिया गया, उनके झोपड़ियों और छोटे व्यवसायों को हटाया गया, लेकिन इसके बाद चुनिंदा लोगों की दुकानें वहां बसाई गईं। कई दुकानों में शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे आम जनता एवं महिलाओं को वहाँ से गुजरते समय भय का वातावरण महसूस होता है।

इन सबके बावजूद स्थानीय पुलिस प्रशासन और प्रखंड प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

स्थानीय लोगों ने मुसहरी अंचल तथा प्रखंड प्रशासन से तुरंत प्रकाश व्यवस्था बहाल करने, अवैध बैठकी पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।