-राजापाकर में मैट्रिक–इंटर सेंट-अप परीक्षा शुरू, सभी विद्यालयों में छात्रों की भारी भीड़
राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र के सभी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में बुधवार से मैट्रिक एवं इंटर की सेंट-अप परीक्षा की शुरुआत हो गई। परीक्षा के पहले दिन ही राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर, गोरखनाथ सूर्य देव उच्च विद्यालय बैकुंठपुर, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कर्नपुरा सहित सभी 10+2 विद्यालयों में छात्रों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर के प्रभारी प्राचार्य अमरेश कुमार ने बताया कि इंटर वर्ग 12 में साइंस विषय से 242, आर्ट्स से 146 और कॉमर्स से 2 छात्र-छात्राएँ परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। वहीं मैट्रिक वर्ग 10 में 133 छात्राएं और 145 छात्र परीक्षा दे रहे हैं।

बुधवार को प्रथम पाली में भौतिकी और दूसरी पाली में रसायन विज्ञान की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में आयोजित की गई। यह परीक्षा 19 नवंबर से 26 नवंबर तक चलेगी। विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सेंट-अप परीक्षा में उपस्थित होना सभी छात्रों के लिए अनिवार्य है। जो छात्र अनुपस्थित रहेंगे, उन्हें मुख्य परीक्षा अर्थात मैट्रिक एवं इंटर की फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा कक्षों में छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति देखने को मिली, जिससे शिक्षा के प्रति बच्चों की गंभीरता भी साफ झलकी। परीक्षा के सफल संचालन में अमरेश कुमार सिंह, बिंदेश्वर सिंह, केशव नारायण सिंह, राजकुमार रवि, प्रणव कुमार, शिल्पा कुमारी, मीना देवी, दिनेश राय, संजीत कुमार सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












