Advertisement

राजापाकर में प्रखंड स्तर पर समीक्षा बैठक, विकास योजनाओं की प्रगति पर हुआ विस्तृत मंथन

-राजापाकर में प्रखंड स्तर पर समीक्षा बैठक, विकास योजनाओं की प्रगति पर हुआ विस्तृत मंथन

राजापाकर/वैशाली। संजय श्रीवास्तव।

राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड के सभी पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक तथा अन्य पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री सहायता योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बीडीओ ने सभी कर्मियों को अपने-अपने पंचायतों में निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

सोलर लाइट व्यवस्था पर जोर:

बैठक में कई पंचायतों से सोलर प्लेट व सोलर लाइट के खराब होने की शिकायत पर बीडीओ ने सभी पंचायत सचिवों को अपने-अपने क्षेत्रों में सोलर लाइट की कार्यशीलता की जांच कर एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
साथ ही, जहां अनुरक्षक (मेन्टेनेंस कर्मी) का भुगतान लंबित है, उसकी भी अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

नल-जल योजना की वास्तविक स्थिति का आंकलन:

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी पंचायतों में नल-जल योजना की मौजूदा स्थिति का जायजा लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि कौन-सी जगहों पर योजना सुचारू है और कहां बाधित, इसकी स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

हर गुरुवार को आयोजित होगा जनता दरबार:

बीडीओ ने बताया कि जिला पदाधिकारी वैशाली के निर्देशानुसार प्रखंड कार्यालय परिसर में हर गुरुवार जनता दरबार आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समय निर्धारित कर इसकी सूचना व्यापक रूप से आम जनता तक पहुंचाई जाएगी, ताकि लोग अपनी शिकायतें व समस्याएं आसानी से दर्ज करा सकें।

बैठक में उपस्थित सभी कर्मियों को विकास योजनाओं की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने और जिम्मेदारी से कार्य करने का निर्देश दिया गया।