-पटना मेट्रो: जनवरी से प्राथमिक कॉरिडोर पर नियमित संचालन शुरू, राजधानी को मिलेगी तेज़ रफ़्तार
पटना। ब्यूरो।
राजधानी पटना वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पटना मेट्रो परियोजना के प्राथमिक कॉरिडोर (आईएसबीटी–मलाही पकड़ी रूट) पर जनवरी से नियमित परिचालन शुरू होने जा रहा है। कुल 6.107 किलोमीटर के इस सेक्शन का निर्माण अंतिम चरण में है और दिसंबर तक सभी सिविल कार्य पूरा कर लिए जाएंगे। इसके साथ ही राजधानी में आवागमन का नया और तेज़ विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।
खेमनीचक स्टेशन फिलहाल नहीं खुलेगा:
अधिकारियों के मुताबिक खेमनीचक स्टेशन पर मेट्रो का ठहराव अभी प्रस्तावित नहीं है। जमीन उपलब्ध होने में हुई देरी के कारण यहां निर्माण समय पर शुरू नहीं हो सका। स्टेशन परिसर और टिकट काउंटर का काम बाकी है, जिसे पूरा करने में करीब छह माह और लगेंगे।
भूतनाथ–मलाही पकड़ी सेक्शन लगभग तैयार
छह अक्तूबर से आईएसबीटी–भूतनाथ (2.9 किमी) सेक्शन में मेट्रो सेवाएं पहले से ही चल रही हैं। भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक ट्रैक बिछाने, ओवरहेड बिजली व्यवस्था और स्टेशनों को जोड़ने का कार्य लगभग पूरा है।

मलाही पकड़ी से 90 फीट रोड तक पटरी बिछाने व बिजली लाइन का काम तेज़ी से जारी है।
भूतनाथ और आईएसबीटी स्टेशनों पर कनेक्टिविटी निर्माण कार्य अंतिम दौर में है।
खेमनीचक स्टेशन का प्लेटफॉर्म तैयार, बाकी ढांचा निर्माणाधीन।
उद्घाटन जनवरी के तीसरे सप्ताह में
दिसंबर के दूसरे सप्ताह से खरमास शुरू होने के कारण उद्घाटन कार्यक्रम रोक दिया जाएगा। ऐसे में पटना मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर का औपचारिक शुभारंभ अब जनवरी के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है।
नया किराया निर्धारण:
मेट्रो प्रशासन ने रेड लाइन के लिए किराया तय कर दिया है—
0 से 3 किमी तक – 15 रुपये
3 से 6 किमी तक – 30 रुपये
वर्तमान में भूतनाथ–आईएसबीटी यात्रा के लिए 15 रुपये का किराया लगता है। परिचालन मलाही पकड़ी तक बढ़ने पर आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक किराया 30 रुपये होगा।
राजधानी को मिलेगा तेज, सुरक्षित सफ़र:
पटना मेट्रो के इस विस्तार से राजधानी में यातायात का बोझ कम होगा और यात्रियों को तेज़, आधुनिक और सुरक्षित सफ़र का नया विकल्प मिलेगा।












