-मुरादाबाद में मोहब्बत की ‘ट्रिपल स्टोरी’: तीन रिश्ते, दो शौहर और एक अधूरा इश्क… गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म
मुरादाबाद। भोजपुर क्षेत्र से एक ऐसा हैरतअंगेज़ मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। रिश्तों और मोहब्बत की उलझनों से भरी यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लगती। एक महिला की ज़िंदगी में पिछले सात सालों में मोहब्बत के तीन नए अध्याय खुले, और हर बार उसने सामाजिक मर्यादाओं व कानूनी नियमों को पीछे छोड़कर नया रिश्ता थाम लिया।
पहली शादी से तीसरे आशिक़ तक की दास्तान:
करीब सात साल पहले महिला की पहली शादी हुई थी। चार साल बीतते-बीतते उसका दिल किसी और पर आ गया। प्रेम खुलकर सामने आया तो उसने पहले पति को छोड़ दिया और दूसरे प्रेमी के साथ रहने लगी। दोनों की जिंदगी में एक बेटे ने भी जन्म लिया, लेकिन प्रेम की दिशा फिर बदलने लगी।
इसी बीच महिला की मुलाकात भोजपुर के ही एक दूसरे गांव के शादीशुदा युवक से हुई, जिसके दो बच्चे हैं। दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा और मंगलवार को महिला ने घोषणा कर दी कि वह अब अपने तीसरे प्रेमी से शादी करेगी।

गांव से थाना, सब जगह मचा बवाल:
महिला के इस फैसले से घर-परिवार से लेकर पूरे गांव में हंगामा मच गया। बात बढ़ते-बढ़ते थाने तक पहुंची जहां पंचायत बैठी। पुलिस ने कानून समझाते हुए साफ कहा कि पहले पति से तलाक लिए बिना दूसरी शादी मान्य नहीं है, और यहां तो दो-दो पतियों से तलाक की कोई प्रक्रिया ही नहीं हुई। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने अंततः महिला को उसके पहले पति के घर वापस भेज दिया।
इलाके में चर्चा का विषय बनी ‘ट्रिपल लव स्टोरी’
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। लोग इस मामले को लेकर चटखारे ले रहे हैं—क्या यह मोहब्बत की हद है या रिश्तों की बेपरवाही का चरम?
फिलहाल, तीन शादियां, दो पति और एक नए प्रेम की यह कहानी पूरे क्षेत्र में चर्चा-ए-आम बनी हुई है।












