Advertisement

नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर मुजफ्फरपुर में शपथ कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को नशे से दूर रहने पर जोर

-नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर मुजफ्फरपुर में शपथ कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को नशे से दूर रहने पर जोर

मुजफ्फरपुर।दीपक।

नशा मुक्त भारत, खुशहाल भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में सोमवार को मुजफ्फरपुर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में पूरे देश में एक साथ हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों के सेवन के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाना और विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान से जोड़ना था।

जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रेष्ठ अनुपम ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति की सेहत और पारिवारिक जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बड़ी बाधा बनता है। इसलिए आवश्यक है कि समाज का हर नागरिक नशीले पदार्थों से स्वयं दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराए।

डीडीसी ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। उन्हें स्वस्थ, जागरूक और सशक्त बनाकर ही देश के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों तथा समाज में नशामुक्ति संदेश को और अधिक गति से फैलाएं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने-अपने स्तर पर नशा उन्मूलन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसी के साथ नशा मुक्त भारत अभियान के पांच वर्षों की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया, जिसने समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

जिला प्रशासन ने आम जनता, खासकर युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त समाज निर्माण में भागीदार बनें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने भारत को नशा मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।