Advertisement

सोनपुर मंडल में “Rail Parking Mitra” डिजिटल पहल का शुभारंभ

-सोनपुर मंडल में “Rail Parking Mitra” डिजिटल पहल का शुभारंभ

-रेलवे पार्किंग में अनियमित वसूली पर लगेगी लगाम

संवाददाता। सोनपुर।

सोनपुर मंडल ने आज बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर “Rail Parking Mitra” नामक एक अभिनव डिजिटल पहल की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशन पार्किंग अनुबंधों से संबंधित ओवरचार्जिंग तथा अनियमितताओं की शिकायतों को समाप्त करना है।

वर्तमान में रेलवे स्टेशन परिसरों में अधिकृत पार्किंग प्रबंधन फर्मों द्वारा पार्किंग स्टैंड संचालित किए जाते हैं, जहाँ यात्रियों से अधिकृत दर पर पार्किंग शुल्क लिया जाता है। रेलवे द्वारा सभी स्टेशनों के लिए वाहन के प्रकार और समयावधि के आधार पर पार्किंग शुल्क निर्धारित है। इसके बावजूद कई बार यात्रियों द्वारा ओवरचार्जिंग की शिकायतें प्राप्त होती हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा और आर्थिक हानि होती है तथा भारतीय रेल की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए सोनपुर मंडल ने पूर्व मध्य रेलवे में संभवत: पहली बार “Rail Parking Mitra” डिजिटल प्रणाली विकसित की है। इस प्रणाली में रेलवे के अधिकृत शुल्क दरें पूर्व-प्रविष्ट (pre-fed) रहेंगी, जिससे पार्किंग रसीदें स्वचालित रूप से वैध दरों के अनुसार ही उत्पन्न होंगी।

स्टेशन पर प्रवेश के समय प्रत्येक वाहन को “Vehicle Entry Receipt” जारी की जाएगी जिसमें वाहन संख्या और प्रवेश समय अंकित होगा। निकास के समय हैंड-हेल्ड इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस द्वारा अंतिम रसीद बनाई जाएगी। यात्रियों को डिजिटल भुगतान, UPI तथा नकद—तीनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे। पार्किंग लाइसेंसी किसी भी स्थिति में शुल्क दरों में परिवर्तन नहीं कर सकेंगे, जिससे ओवरचार्जिंग की संभावना पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

यह प्रणाली न केवल ओवरचार्जिंग रोकने में सहायक होगी, बल्कि पार्क किए गए वाहनों का डेटा, बिक्री सर्वेक्षण, और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएँ भी प्रदान करेगी जो रेलवे प्रशासन के लिए अत्यंत उपयोगी होंगी। रेलवे अधिकारी इस ऐप के माध्यम से किसी भी समय यह देख सकेंगे कि कितनी रसीदें जारी हुईं और स्टेशन पर कितने वाहन पार्क हैं।

सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक ने इस पहल की सराहना करते हुए वाणिज्य विभाग को बधाई दी और कहा कि सोनपुर मंडल यात्रियों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।