Advertisement

नालंदा में खौफ़ की रात: दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत, इलाके में दहशत

-नालंदा में खौफ़ की रात: दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत, इलाके में दहशत

—एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरी वारदात रहस्य में घिरी

ब्यूरो।पटना/नालंदा।

रविवार की रात नालंदा ज़िले में अपराध का तांडव खुलकर सामने आया। दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में खौफ़ और सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों मामलों की तफ्तीश में जुटी है। एक वारदात में जहां मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं दूसरी घटना अब तक रहस्य के साए में है।

पहली वारदात: गली विवाद ने ली जान, घर में घुसकर पवन पासवान की हत्या

भागनबीघा थाना क्षेत्र के मोरातालाब गांव में रविवार देर शाम मामूली गली विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
परिजनों के मुताबिक, पवन पासवान, जो पानीपत में मजदूरी करता था और शनिवार को ही गांव लौटा था, पर पड़ोसी गोतिया पक्ष के बदमाशों ने घर में घुसकर बेरहमी से हमला किया।

हमलावरों ने पवन को ईंट-पत्थरों से इतना पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से गली को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार को खतरनाक मोड़ ले लिया।

परिजनों ने पुलिस पर शुरुआती देरी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर पुलिस पहुंचती तो शायद पवन की जान बच सकती थी।

घटना के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि मॉब लिंचिंग जैसी स्थिति बन गई।
भागनबीघा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में भीड़ को नियंत्रित किया। मुख्य आरोपी सरयुग पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

दूसरी घटना: बरदाहा गांव में युवक का शव मिलने से सनसनी

सोमवार सुबह खुदागंज थाना क्षेत्र के बरदाहा गांव में खेत से एक युवक का शव मिलने से दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान इशू कुमार (25) पुत्र सुभाष चौरसिया के रूप में हुई है।

परिजनों ने साफ तौर पर हत्या का आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही डीएसपी, खुदागंज पुलिस और जांच टीम मौके पर पहुंची।

डीएसपी ने बताया कि मौत का कारण—हत्या, हादसा या कोई अन्य वजह—पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया है। हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है।

दहशत में नालंदा: डबल क्राइम ने बढ़ाई चिंता

इन दोनों घटनाओं ने पूरे जिले में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।
एक तरफ विवाद की आग में झुलसता गांव, दूसरी तरफ खेत में मिला संदिग्ध शव—दोनों ही वारदातें नालंदा की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों मामलों का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल लोग भय और असुरक्षा के साए में जी रहे हैं।