Advertisement

दिल्ली ब्लास्ट पर गृह मंत्री अमित शाह का सख्त बयान — “दोषियों को ऐसी सजा देंगे कि दुनिया देखेगी”

-दिल्ली ब्लास्ट पर गृह मंत्री अमित शाह का सख्त बयान — “दोषियों को ऐसी सजा देंगे कि दुनिया देखेगी”

नई दिल्ली।
लाल किला के पास हुए दिल्ली ब्लास्ट के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियां लगातार चौकन्नी हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस मामले पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा — “दिल्ली ब्लास्ट के आरोपियों को ऐसी सजा देंगे कि दुनिया में मिसाल बनेगी। पूरी दुनिया देखेगी कि हमारे ऊपर हमला करने वालों का क्या हाल होता है।”

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि देश आतंकवादी घटनाओं के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है और भविष्य में ऐसे हमलों की हिम्मत कोई न कर सके, इसके लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि बीते सोमवार को नई दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में एक चलती कार में विस्फोट हुआ था। इस धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हैं।

घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री ने CCS (कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी) की बैठक बुलाई थी, जिसमें इस धमाके को आतंकवादी घटना करार दिया गया और इसकी कड़ी निंदा की गई।

सूत्रों के अनुसार, NIA और अन्य जांच एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हैं और अब तक कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शुरुआती जांच में घटना के तार पाकिस्तान से जुड़ने की बात भी सामने आई है।

📍स्थान: नई दिल्ली
🗓️ तारीख: 13 नवंबर 2025
✍️ रिपोर्ट: दीपक कुमार तिवारी