-लाल किला ब्लास्ट के घायलों से मिलने लोकनायक अस्पताल पहुंचे पीएम मोदी
— लौटते ही ली सुरक्षा समीक्षा बैठक की कमान
नई दिल्ली।एजेंसी।
भूटान दौरे से लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (LNJP) पहुंचकर लाल किले के पास हुए बम धमाके में घायल लोगों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने घायलों का हाल जाना, उनके परिजनों से बातचीत की और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में जाकर घायलों से सीधे संवाद किया। उन्होंने चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों से उपचार की स्थिति पर विस्तृत जानकारी ली और कहा कि “घायल नागरिकों को हर संभव सहायता और सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा दी जाए।”
अस्पताल से लौटने के बाद पीएम मोदी एक उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA), गृह सचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त और खुफिया एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में लाल किला ब्लास्ट की जांच की प्रगति, आतंकी नेटवर्क की संभावनाओं और दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में दिल्ली सहित देश के प्रमुख ऐतिहासिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने, अतिरिक्त बलों की तैनाती और निगरानी सिस्टम को मजबूत करने के उपायों पर निर्णय लिया जा सकता है।
लाल किले के पास सोमवार शाम हुए इस बम धमाके में कई लोग घायल हुए थे। एनआईए और दिल्ली पुलिस की विशेष सेल ने जांच की जिम्मेदारी संभाल ली है। फिलहाल पूरे इलाके को सील कर फॉरेंसिक टीमों द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की यह तत्परता दिखाती है कि सरकार इस हमले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटना के रूप में ले रही है।
#PMModi #LalQilaBlast #DelhiBlast #LNJPHospital #NationalSecurity #HighLevelMeeting #NIAInvestigation #DelhiPolice #BreakingNews
















