-मधेश प्रदेश में सियासी उथल-पुथल : डॉ. सुरेन्द्र लाभ बने नए गवर्नर
-राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ — बर्खास्त गवर्नर सुमित्रा भंडारी पर पद के दुरुपयोग का आरोप
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
मधेश प्रदेश में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने डॉ. सुरेन्द्र लाभ को मधेश प्रदेश का नया गवर्नर नियुक्त किया और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह नियुक्ति नेपाल संविधान की धारा 163 (2) के तहत मंत्रिपरिषद की सिफारिश पर की गई।
पूर्व गवर्नर सुमित्रा सुवेदी भंडारी को पद के दुरुपयोग के आरोप में बर्खास्त किया गया है। बताया जाता है कि रविवार की मध्यरात्रि को उन्होंने वर्दीवास के एक होटल में आनन-फानन में एमाले नेता सरोज कुमार यादव को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी, जिसके बाद पूरे प्रदेश में राजनीतिक भूचाल आ गया।
जनकपुरधाम समेत पूरे मधेश प्रदेश में नेपाली कांग्रेस, जसपा, लोसपा सहित कई दलों ने इस कार्रवाई के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को गवर्नर हाउस और मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं, वहीं कई स्थानों पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। बुधवार को भी मधेश प्रदेश भवन के सामने प्रदर्शन जारी रहा।

स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें दर्जनों कार्यकर्ता घायल हो गए। लोजपा नेत्री बीणा पांडेय गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं और उनका पैर फ्रैक्चर हुआ है।
इस बीच, नव-नियुक्त मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव को सर्वोच्च न्यायालय ने बर्खास्त कर दिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
📍 मुख्य बिंदु:
डॉ. सुरेन्द्र लाभ बने मधेश प्रदेश के नए गवर्नर।
पूर्व गवर्नर सुमित्रा भंडारी बर्खास्त।
राजनीतिक दलों का प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन।
लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल, बीणा पांडेय गंभीर।
मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव की बर्खास्तगी पर असमंजस।














