-बिहार चुनाव को लेकर नेपाल के मधेशियों में उत्साह, रिश्तेदारों से कर रहे एनडीए के लिए वोट की अपील
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत एक बार फिर चुनावी रंग में नजर आ रही है। सीमावर्ती बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर नेपाल के मधेशी समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मधेशी न केवल बिहार की राजनीति पर पैनी नजर रखे हुए हैं, बल्कि वे अपने भारतीय रिश्तेदारों को वोट डालने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
भारत-नेपाल के बीच सदियों पुराना “रोटी-बेटी का संबंध” इस जन-भावना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। मधेशी समुदाय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति गहरी आस्था है। उनका मानना है कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत-नेपाल संबंधों को नई मजबूती मिली है।
मधेशी नागरिकों ने याद किया कि मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद जनकपुरधाम पहुंचे थे — आज़ादी के बाद यह पहली बार था जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री जानकी मंदिर में माथा टेकने आया। उन्होंने जनकपुरधाम के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी दी थी।
मधेशी समाज का मानना है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में जयनगर-जनकपुरधाम-बर्दीवास रेल सेवा, पोस्टल रोड, शिक्षा, स्वास्थ्य और टेलीकॉम जैसी सुविधाओं का विकास हुआ है, जिससे दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और मजबूत हुआ है।

चुनाव को लेकर किए गए सर्वेक्षण जैसे माहौल में बताया गया कि करीब 80 प्रतिशत मधेशी नागरिक एनडीए के समर्थन में अपने भारतीय रिश्तेदारों को फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से वोट देने की अपील कर रहे हैं, जबकि 20 प्रतिशत महागठबंधन के लिए समर्थन जता रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से यादव और मुस्लिम वर्ग शामिल हैं।
इसी क्रम में नेपाल राष्ट्रीय वैश्य महासंघ के अध्यक्ष परमेश्वर साह ने बिहार के सीतामढ़ी, रीगा, मधुबनी, शिवहर और खजौली क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय प्रत्याशियों से मुलाकात की और वैश्य समाज के उम्मीदवारों के समर्थन में वोट देने की अपील की।
उधर, मधेश में रह रहे प्रवासी भारतीय मजदूर भी अपने घर लौटकर मतदान में हिस्सा लेने की तैयारी में जुट गए हैं। सीमापार का यह आपसी रिश्ता एक बार फिर साबित कर रहा है कि भारत-नेपाल की साझा संस्कृति और लोकतांत्रिक जुड़ाव दोनों देशों को एक अटूट सूत्र में बांधे हुए है।
#बिहार_चुनाव #मधेशी_समर्थन #जनकपुरधाम #ModiInNepal #IndiaNepalRelations #एनडीए_समर्थन #सीमावर्ती_चुनाव #रोटीबेटी_का_रिश्ता #जनकपुर_समाचार














