Advertisement

बन्दरा में उत्साहपूर्ण मतदान — 79% वोटिंग के साथ बूथ 321 बना सबसे आगे

-बन्दरा में उत्साहपूर्ण मतदान — 79% वोटिंग के साथ बूथ 321 बना सबसे आगे

-कई बूथों पर अंधेरा होने तक डटे रहे मतदाता

मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रखंड निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी 12 पंचायतों में कुल 115 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे।

इनमें से सबसे अधिक मतदान 79 प्रतिशत बूथ संख्या 321 पर दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 47.3 प्रतिशत मतदान बूथ संख्या 343 पर हुआ।

कंट्रोल रूम में तैनात कोऑर्डिनेटर दीपिका भारती और सहकर्मी शाहिद रेज़ा ने बताया कि पटसारा पंचायत में 3 बजे तक ही 75 प्रतिशत मतदान पूरा हो गया था।क्षेत्र के कई बूथों पर शाम ढलने तक भी मतदाता डटे रहे और अंधेरा होने के बावजूद वोट डालने की इच्छा में कतारों में खड़े रहे।

बन्दरा पश्चिम के सेक्टर मजिस्ट्रेट अंकुर राय ने बताया कि सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आईं। रामपुर महिनाथ में तो सुबह के समय ही करीब 300 से अधिक मतदाता मतदान के लिए कतारबद्ध दिखे।

अंतिम समय तक बूथों पर मतदाताओं का आना-जाना जारी रहा। मतदान कक्ष से ईवीएम की बीप की आवाज़ें लगातार गूंजती रहीं, जबकि बाहर सशस्त्र बलों की टीम मतदाताओं को व्यवस्थित और सुरक्षित माहौल में मतदान कराने में सक्रिय रही।

चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोकतंत्र के इस महापर्व में एक-एक वोट मशीन में लॉक होते गए और जनता ने उत्साह के साथ अपने अधिकार का प्रयोग किया।