Advertisement

मुजफ्फरपुर में पहले चरण का मतदान — कहीं नाव से पहुंचे मतदाता, तो कहीं वोट बहिष्कार से छाई चिंता

-मुजफ्फरपुर में पहले चरण का मतदान — कहीं नाव से पहुंचे मतदाता, तो कहीं वोट बहिष्कार से छाई चिंता

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान जारी है। जिले के कई इलाकों में मतदाताओं का उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं कुछ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और स्थानीय मुद्दों को लेकर वोट बहिष्कार की खबरें भी सामने आई हैं।

औराई विधानसभा के बहुआरा के निकट कई ग्रामीण निजी नाव से नदी पार कर मतदान केंद्र तक पहुंच रहे हैं। यहां मुख्य मुद्दा रोजगार और विकास बना हुआ है। कई मतदान केंद्र बांध के अंदर हैं जबकि मतदाता बांध के बाहर बसे हैं, जिससे लोगों को वोट डालने में परेशानी हो रही है।

वहीं बोचहां विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 351 और 352 पर आईसीडीएस टीम की ओर से दिव्यांग मतदाताओं का स्वागत तिलक और माला पहनाकर किया गया। इनमें 92 वर्षीय बिंदी देवी बुखार के बावजूद अकेले मतदान करने पहुंचीं, जिससे सभी प्रेरित हुए।

मतदान केंद्र संख्या 54 (उ.म.वि. मोतीछपरा) पर भीड़ कम दिखाई दी, जबकि सकरा, गायघाट और बोचहां विधानसभा के तीनमुहान क्षेत्र के मतदाता आठ किलोमीटर दूर बूथ तक सड़क मार्ग से या नदी पार करके पहुंच रहे हैं।

मनिकपुर मतदान केंद्र संख्या 199 और 200 पर पीने के पानी और शौचालय की दिक्कत बनी हुई है।
बोचहां विधानसभा क्षेत्र में सुबह 9 बजे तक 15% मतदान दर्ज किया गया।

पारू विधानसभा क्षेत्र के पिंक बूथ (म.वि. गरीबा उत्तरी एवं दक्षिणी, केंद्र संख्या 42 और 43) पर महिला मतदानकर्मी पानी की कमी से जूझती दिखीं।
हुस्सेपुर पचरुखिया बूथ संख्या 169 पर सुबह 9:50 बजे से 20 मिनट तक ईवीएम खराबी के कारण मतदान बाधित रहा।

कुढ़नी के मधौल गांव (बूथ 113, 114, 115) में श्मशान घाट की समस्या को लेकर वोट बहिष्कार किया गया है। इसी तरह गायघाट के बूथ संख्या 251 पर सड़क-पुल निर्माण, और बूथ 162 व 170 पर अर्धनिर्मित पुल को लेकर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया।
औराई प्रखंड के जनार पंचायत (जीवजोर वार्ड-1) में पुनर्वास की मांग को लेकर भी वोटिंग का बहिष्कार जारी है।

औराई विधानसभा में कुल 400 बूथों पर मतदान चल रहा है, जहां सुबह 9 बजे तक 14% मतदान दर्ज किया गया।
कुढ़नी और बन्दरा क्षेत्रों में मतदान शांति पूर्ण ढंग से चल रहा है। हालांकि बन्दरा प्रखंड के पश्चिमी इलाकों में वोटरों की संख्या औसतन कम रही, जबकि पूर्वी क्षेत्र के बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी।पूरे बन्दरा क्षेत्र में सुबह 9 बजे तक 10 प्रतिशत वोटिंग की ख़बर है।

 

#बिहार_चुनाव2025 🗳️
#मुजफ्फरपुर_मतदान 🗳️
#औराई_से_बोचहां_तक 🇮🇳
#लोकतंत्र_का_उत्सव 🌸
#वोट_बहिष्कार_से_संदेश 🔊
#रोजगार_मुख्य_मुद्दा 💼
#वोट_देना_गौरव_है 🗳️