Advertisement

भभुआ में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

-भभुआ में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

पटना। दीपक कुमार तिवारी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को कैमूर जिले के जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में आयोजित एनडीए कार्यकर्ताओं के संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 24 नवंबर 2005 को जब बिहार में हमारी सरकार बनी, तभी से राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ और विकास की नींव रखी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार की हालत काफी खराब थी—शाम के बाद लोग घरों से निकलने में डरते थे, सड़कों की स्थिति दयनीय थी और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल थीं। लेकिन सरकार बनने के बाद लगातार सुधार के कदम उठाए गए। शिक्षा के क्षेत्र में अब तक 2 लाख 62 हजार से अधिक नियोजित शिक्षक सरकारी बनाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करते हुए मेडिकल कॉलेजों की संख्या 6 से बढ़ाकर 12 कर दी गई है और सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य चल रहा है।

उन्होंने बताया कि सात निश्चय और सात निश्चय-2 के तहत गांव-गांव तक बिजली, नल का जल, शौचालय, सड़क, ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, टेलीमेडिसिन और सिंचाई की योजनाएं लागू की गई हैं। वर्ष 2020 से अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 39 लाख युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। आने वाले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने पंचायतों और निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस एवं सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण तथा जीविका समूहों के गठन को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि जीविका समूहों से अब तक 1 करोड़ 40 लाख महिलाएं जुड़ चुकी हैं। हाल ही में महिलाओं के लिए “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” भी शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर घरेलू उपभोक्ता को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवाओं की पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा गांव-गांव में विवाह भवन, पंचायत प्रतिनिधियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं का मानदेय बढ़ाना, दीदी की रसोई की दर घटाना जैसी कई योजनाओं से सीधे जनता को लाभ मिल रहा है।

कैमूर जिले में हुए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, महिला आईटीआई, जीएनएम संस्थान, पारा मेडिकल संस्थान, सदर अस्पताल, कर्पूरी छात्रावास, जलापूर्ति, पुल-पथ निर्माण और मंदिरों के विकास कार्यों का उल्लेख किया।

संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, मंत्री मोहम्मद जमा खान, विधायक भरत बिंद, अशोक कुमार सिंह, संगीता कुमारी, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडे, जदयू जिलाध्यक्ष अजय कुमार पटेल, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता, राष्ट्रीय लोक मोर्चा जिलाध्यक्ष उमाशंकर कुशवाहा, हम पार्टी जिलाध्यक्ष संजय सुधांशु सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।