-सिवान के पपौर गाँव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का संवाद कार्यक्रम,विकास कार्यों की दी जानकारी
– अगले पाँच सालों में एक करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार
पटना/सिवान, 07 सितम्बर 2025 :
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सिवान जिला के पचरुखी प्रखंड के पपौर ग्राम स्थित डी०वी०एम० ग्लोबल स्कूल परिसर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार लगातार विकास की ओर अग्रसर है और आने वाले पाँच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 2005 में एनडीए सरकार बनने के बाद से राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, उद्योग और कृषि जैसे सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 10 लाख नौकरियां और 39 लाख रोजगार दिये जा चुके हैं, जबकि चुनाव से पहले 50 लाख से अधिक नौकरियां और रोजगार उपलब्ध करा दिये जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य का बजट वर्ष 2005-06 में जहाँ 28 हजार करोड़ रुपये था, वहीं अब यह 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं की पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दी जा रही है और इच्छुक लोगों को घरों पर सोलर पैनल लगाने की सुविधा दी जाएगी।
महिलाओं के लिए शुरू की गई “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने हेतु 10 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा, उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सिवान में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, जीएनएम एवं पारा मेडिकल संस्थानों की स्थापना की गई है। जिले में अनेक पुलों और सड़कों का निर्माण हुआ है तथा सिंचाई के लिए पश्चिमी गंडक नहर का जीर्णोद्धार कराया गया है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में सिवान के लिए बाईपास निर्माण, सिसवन ढाला में आरओबी, तीन सड़कों का चौड़ीकरण, नया प्रेक्षागृह, मैरवा में ग्रिड सब-स्टेशन और मौनिया बाबा मेला का आयोजन जैसी 8 नई योजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनका आज शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी तबकों – हिन्दू, मुस्लिम, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलित – के विकास के लिए काम कर रही है। मुस्लिम समुदाय के लिए मदरसों को मान्यता और शिक्षकों को बराबरी का वेतन दिया गया है। साथ ही कब्रिस्तान और प्राचीन मंदिरों की घेराबंदी का कार्य भी बड़े पैमाने पर कराया गया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दें और चुनाव में पूरी सक्रियता से भाग लें। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद पुनः एनडीए की सरकार बनेगी और बिहार का विकास और तेज गति से आगे बढ़ेगा।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद विजया लक्ष्मी देवी, विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, विधायक देवेशकांत सिंह, पूर्व सांसद कविता सिंह, पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












