-लंपी बीमारी से पशुपालक परेशान, दर्जनों मवेशी बीमार, आधा दर्जन की मौत
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
प्रखण्ड क्षेत्र में लंपी बीमारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे पशुपालकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। यह बीमारी पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो रही है। अब तक आधा दर्जन से अधिक मवेशियों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों बीमार हैं।
रतवारा निवासी पूर्व पंसस विनय कुमार सहनी ने बताया कि लंपी से पीड़ित पशुओं के पूरे शरीर पर छोटे-बड़े चकत्ते हो जाते हैं और तेज बुखार भी आ जाता है। उन्होंने बताया कि लोग निजी पशु चिकित्सकों से इलाज करा रहे हैं, लेकिन सरकारी पशु चिकित्सक कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।

बीमारी से अब तक श्रवण कुमार शाह, विनय कुमार सहनी, चंदन कुमार कौशिक, मुन्ना ठाकुर, अमित कुमार आदि करीब आधे दर्जन लोगों के मवेशियों की मौत हो चुकी है। वहीं विनय कुमार सहनी, साकेत कुमार ठाकुर, मनोज कुमार पाठक, राजेश कुमार पाठक, मोहम्मद यूनिश, अशोक साह, सुरेश महतो, महेश कुमार सहित कई पशुपालकों के पशु अभी भी बीमार हैं।
पशुपालकों का कहना है कि बीमारी तेजी से फैल रही है, लेकिन प्रखण्ड का पशु चिकित्सा विभाग पूरी तरह निष्क्रिय है। इससे पशुपालकों में गहरी नाराजगी और चिंता का माहौल है।












