Advertisement

महिला शिल्प कला भवन कॉलेज में दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

-महिला शिल्प कला भवन कॉलेज में दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

-नवप्रवेशित छात्राओं को NEP-2020 व CBCS प्रणाली की दी गई जानकारी, सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र

मुजफ्फरपुर।
महिला शिल्प कला भवन कॉलेज, मुजफ्फरपुर में गुरुवार (7 अगस्त 2025) को शैक्षणिक सत्र 2025-2029 के नवप्रवेशित छात्राओं के लिए पांच दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020), क्रेडिट आधारित सेमेस्टर प्रणाली (CBCS), बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के नए अवसरों की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत बिहार विश्वविद्यालय के कुल-गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे सभागार को गरिमा और उल्लास से भर दिया। इसके उपरांत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। डॉ. शिखा त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और कुमारी रूपा के स्वागत गान ने वातावरण को और अधिक भावमय बना दिया।

प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. अरुण कुमार सिंह, डाॅ. लक्ष्मी रानी, प्रो. मो. रईस, डॉ. ललित प्रभा, डॉ. शिखा त्रिपाठी सहित अन्य विभागाध्यक्ष व प्राध्यापकगण मौजूद रहे। मुख्य अतिथि को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया, वहीं नवप्रवेशित छात्राओं का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. सोनी ने कॉलेज के गौरवशाली इतिहास, स्थापना, संस्थापकों के योगदान व शैक्षणिक उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।
सभी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विषयों के पाठ्यक्रम, शिक्षकगण, विभागीय गतिविधियों और भविष्य की संभावनाओं पर छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।

हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा त्रिपाठी ने CBCS प्रणाली की संरचना, परीक्षा प्रणाली और उद्देश्य स्पष्ट किए।
प्राध्यापक जितेन्द्र कुमार व मो. शमीम अंसारी ने महाविद्यालय की NCC, NSS, महिला प्रकोष्ठ, पुस्तकालय समिति, सांस्कृतिक समिति, साहित्यिक समिति, ग्रीन एंड पीस सोसाइटी जैसी समितियों की जानकारी दी।

डॉ. ललित प्रभा ने एंटी-रैगिंग सेल, डॉ. निशात कौसर ने शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, और श्रीमती नूतन कुमारी ने खेलकूद गतिविधियों की भूमिका पर चर्चा की।
लेखापाल श्री निशांत शेखर ने छात्रवृत्ति, प्रमाण-पत्र निर्गमन, फीस जमा आदि प्रशासनिक प्रक्रियाओं से अवगत कराया।

मुख्य अतिथि प्रो. अरुण कुमार सिंह ने ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया और साइबर सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. राजेश कुमार ने युवाओं को देश की रीढ़ बताते हुए जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।

प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार सिंह ने छात्राओं को कॉलेज की गौरवशाली परंपरा, मूल्यों और सामाजिक दायित्वों से परिचित कराया और विश्वास दिलाया कि कॉलेज परिवार हर कदम पर उनके साथ खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन दर्शनशास्त्र विभाग के श्री नागेंद्र पासवान ने कुशलता से किया और डॉ. सुमित्रा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन कर सभी के प्रति आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर ‘सेल्फी प्वाइंट’ छात्राओं के लिए विशेष आकर्षण बना, जहाँ छात्राओं ने इस नए अध्याय की शुरुआत को कैमरे में कैद किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के समस्त शिक्षकगण और शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण की गरिमामयी उपस्थिति ने वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया।