-बन्दरा के बड़गाँव पंचायत में कांग्रेस का कैंप, डेढ़ सौ महिलाओं ने कराया ‘माई बहिन मान योजना’ में पंजीकरण
बन्दरा (मुजफ्फरपुर)। संवाददाता।
प्रखंड क्षेत्र के बड़गाँव पंचायत में कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘माई बहिन मान योजना’ के अंतर्गत महिलाओं के पंजीकरण के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस पंजीकरण अभियान में लगभग 150 महिलाओं ने भाग लिया और योजना का लाभ उठाने के लिए अपना नाम दर्ज कराया।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष दिलीप चौधरी ने कहा कि “वर्तमान समय में महँगाई के कारण महिलाओं को अपने घर-परिवार का संचालन करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यह योजना महिलाओं के लिए सहारा बन सकती है।” उन्होंने यह भी बताया कि अब तक प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 1500 से अधिक महिलाएं योजना से जुड़ चुकी हैं।

कैम्प के आयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ता राजू सहनी, नमण शर्मा, राकेश रंजन और नवल मिश्र की सक्रिय भागीदारी रही। ग्रामीण महिलाओं में योजना को लेकर विशेष उत्साह देखा गया, जो बड़ी संख्या में घरों से निकलकर पंजीकरण कराने पहुंचीं।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि आने वाले दिनों में अन्य पंचायतों में भी इस तरह के कैंप लगाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक महिलाएं योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।












