-राष्ट्रीय बालिका दिवस पर नुनफारा में कबड्डी प्रतियोगिता
-विजेता समूहों को मिला सम्मान
-प्रतिभागी बच्चियों में दिखा उत्साह
मुजफ्फरपुर/बंदरा । दीपक
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक्शन एड और महिला एवं बाल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में बंदरा प्रखंड के नुनफारा पंचायत स्थित नाथ बाबा मंदिर परिसर में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पीरापुर, बड़गांव और नुनफारा पंचायत की किशोरियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी जयश्री, एक्शन एड के जिला समन्वयक अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तमशील आबिदा, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक ज्योति कुमारी, कुमारी आरती, विकास मित्र राजगीर कुमार, और सामाजिक कार्यकर्ता चंदन कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में पांच किशोरी समूह—प्रतिज्ञा, बंधन, संकल्प, दुर्गा, और लक्ष्मी ने भाग लिया। इसमें दुर्गा और बंधन समूह विजयी घोषित हुए। विजेता टीम के सभी सदस्यों को प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी ने स्कूली बैग प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के बाद अधिकारियों और किशोरियों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। एक्शन एड के जिला समन्वयक अरविंद कुमार ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व, लिंगानुपात, बालिका शिक्षा, और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना पर प्रकाश डाला।
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी ने खेल और करियर बनाने के विकल्पों की जानकारी दी। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बाल विवाह और बाल श्रम के उन्मूलन के लिए किशोरी समूहों के सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों के लिए ऐसे खेल आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
#राष्ट्रीय_बालिका_दिवस #कबड्डी_प्रतियोगिता #बालिका_सशक्तिकरण #बंदरा












