-रामलला के अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर वैशाली में दीपोत्सव
गोरौल (वैशाली)। सुधांशु।
अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर वैशाली जिले के गोरौल प्रखंड क्षेत्र में सनातन धर्म के अनुयायियों ने धूमधाम से दीपोत्सव मनाया। हर घर और मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया।
मंदिर की प्रथम वर्षगांठ पर श्रद्धालु महिलाओं ने सुबह से ही अपने घरों और मंदिरों की साफ-सफाई में समय बिताया। शाम को घरों और मंदिरों में दीप प्रज्वलित किए गए।
चाकव्यास गांव में समाजसेवी राकेश सिंह के नेतृत्व में प्रभु श्री राम की विशेष पूजा और आरती का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में भंडारे का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा नेता सीए अभिषेक राज उर्फ राजा भैया ने कहा, “सदियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष के बाद प्रभु श्री राम झोपड़ी से निकलकर भव्य मंदिर में विराजमान हुए। यह हम सबके लिए आशीर्वाद का समय है।”
इस अवसर पर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद नागेंद्र दास, कृष्ण मोहन सिंह, संजय कुमार सिंह, अरविंद सिंह, विकास कुमार सिंह, आशुतोष सिंह चौहान, कौशल किशोर सिंह, लालाबाबू सिंह और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शाम के समय दीपों की रोशनी से सारा क्षेत्र जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्री राम की आरती में शामिल होकर उनकी कृपा प्राप्त की।












