-बन्दरा में चावल पर बबाल,बीडीओ ने जिला पार्षद के खिलाफ पीयर थाना में दिया आवेदन
-जिला पार्षद बोले:हमने भी भेजी है आवेदन
-थानाध्यक्ष बोले: तकनिकी खराबी के कारण दर्ज नहीं हुई है प्राथमिकी
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी ने जिला परिषद सदस्य बन्दरा (पश्चिमी) क्षेत्र संख्या 48 रामानंद ओझा उर्फ मुकेश कुमार ओझा के खिलाफ
प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पियर थाना में आवेदन दिया है। जिसमें कहा गया है कि 15 जनवरी की संध्या में गुप्त सूचना मिली की पिरापुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या-1 के रत्मनिया में घनश्याम ठाकुर एवं श्रीनिवास ठाकुर के घर में बिहार राज्य खाद्य निगम की गाड़ी से चावल की बोड़ी उतार कर अन्यत्र भेजने की तैयारी की जा रही है।सूचना के आधार तथा अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी के आदेश अनुसार पियर थाना पुलिस बल, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी बन्दरा तथा अद्दोहस्ताक्षरी द्वारा तत्क्षण घटना स्थल पर पहुंचते हुए जांच की गयी। इसके उपरांत सभी चावल की बोरी जो बिहार राज्य खाद्य निगम के बोरी में पाया गया,जप्त किया जा रहा था। इसी क्रम में जिला परिषद सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने जो चावल जप्त किया जा रहा था,उसका विरोध करने लगे। जिसके बारे में मैंने उन्हें बताया तो वे मेरे साथ अपशब्द का प्रयोग करते हुए अमर्यादित व्यवहार किए तथा जान से मारने की धमकी देने लगे और अनाज जब्ती का विरोध किया। संदर्भित मामले में सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, महिला पदाधिकारी के साथ अमर्यादित व्यवहार करने तथा जान मारने के धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।

वहीं इस मामले में जिला परिषद सदस्य रामानंद ओझा उर्फ मुकेश कुमार ओझा ने बताया कि गृह स्वामी अपने घर में बच्ची की शादी के लिए चावल रखे हुए था। एक कार्यक्रम से लौटने के दौरान हो-हंगामा होते देखकर वे वहां रुके तो पता चला की बीडीओ साहिबा जबरदस्ती अपने गाड़ी पर चावल लाद रहे हैं। इसका विरोध जब उन्होंने किया तो बीडीओ साहिबा के द्वारा उन्हें धमकी दी गई एवं अपने स्टाफ के माध्यम से उनके साथ मारपीट की गई और गर्दन से सोने का चैन आदि भी छीन लिया गया। जिला पार्षद ने कहा कि उन्होंने भी संदर्भित मामले में पीयर थाना को आवेदन भेज कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पियर थाना अध्यक्ष पंकज यादव ने संदर्भित मामले को लेकर शनिवार की देर शाम बताया कि बन्दरा बीडीओ के द्वारा भेजा गया आवेदन मिला है। सीसीटीएनएस की समस्या है। तकनीकी खराबी की वजह से अब तक प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई नहीं की गई है। तकनीकी खराबी दूर होते हीं सोमवार को मामले से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले में जिला परिषद सदस्य का कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।












