-नई कृषि बिल के खिलाफ मीनापुर में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन (ए.आई.के.के.एम.एस.) द्वारा मीनापुर प्रखंड के शनिचरा स्थान चौक पर केंद्र सरकार के नए कृषि बिल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कानून की प्रतियां जलाकर सरकार की किसान-मजदूर विरोधी नीतियों पर आक्रोश प्रकट किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ए.आई.के.के.एम.एस. के जिला समिति सदस्य काशीनाथ सहनी ने कहा, “केंद्र सरकार लगातार किसान और मजदूरों के अधिकारों पर प्रहार कर रही है। पहले तीन काले कृषि कानूनों को किसान आंदोलन के दबाव में वापस लेना पड़ा, लेकिन अब इन्हें एक नए रूप और नाम में प्रस्तुत किया जा रहा है, जो स्पष्ट रूप से मल्टीनेशनल कंपनियों और पूंजीपतियों के हित में है। यह कदम आम जनता और किसानों के साथ नाइंसाफी है। सरकार को चाहिए कि वह ऐसी नीतियां वापस ले, अन्यथा एक और बड़ा किसान आंदोलन अपरिहार्य होगा।”

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “इंकलाब जिंदाबाद”, “किसान-मजदूर दोस्ती जिंदाबाद”, “नई कृषि कानून रद्द करो”, “एमएसपी का कानूनी दर्जा दो” और “फसल सुरक्षा की गारंटी करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार की किसान विरोधी नीतियां न केवल किसानों की आजीविका को खतरे में डाल रही हैं, बल्कि खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी कमजोर कर रही हैं।
इस मौके पर डॉ. श्यामचंद्र यादव, राम प्रसाद राय, दिनेश राय, प्रभु राय, कांत लाल राय, शिवनाथ राय, नितेश कुमार, बैद्यनाथ शाह समेत कई प्रमुख नेताओं ने सभा को संबोधित किया और किसानों को उनके अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।











