-भागलपुर में गुरु गोविंद सिंह की जयंती धूमधाम से मनाई गई
-छात्रों ने सीखा देशभक्ति का पाठ
भागलपुर। गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, भागलपुर में सोमवार को महान देशभक्त और सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्रधानाचार्य अशोक कुमार मिश्रा और जयंती प्रमुख उत्तम कुमार मिश्रा ने गुरु गोविंद सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
मौके पर उत्तम कुमार मिश्रा ने कहा, “गुरु गोविंद सिंह केवल देशभक्त नहीं, बल्कि एक महान योद्धा, विचारक, लेखक और समाज सुधारक थे। उनका जीवन देश और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित था। उन्होंने न केवल जाति प्रथा, नशा मुक्ति और महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का प्रयास किया, बल्कि उनके चारों पुत्र भी देश की रक्षा के लिए शहीद हुए।”

अशोक कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा, “खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोविंद सिंह का जीवन देशभक्ति और त्याग का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी छात्रों और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। जयंती मनाने का मुख्य उद्देश्य महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने कर्मों में उनका अनुकरण करना है।”
कार्यक्रम में शांभवी आर्य, ब्यूटी कुमारी और अन्य छात्राओं ने विशेष प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर पवन पजियारा, सुबोध कुमार चौधरी, चंद्रचूड़ सिंह, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, आचार्य बंधु-भगिनी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












