उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम एवं संचालन समिति की बैठक,
-योजनाओं के क्रियान्वयन में दी गई नई दिशा
-जिले के विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा
-अधिकारियों को जवाबदेही के साथ पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश
मुजफ्फरपुर। दीपक तिवारी।
जिला समाहरणालय सभाकक्ष में उपमुख्यमंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति और जिला संचालन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आईसीडीएस, कृषि, खनन, परिवहन, आपूर्ति, खेल, उद्योग केंद्र, ग्रामीण विकास, राजस्व, बिजली, पीएचईडी, भवन निर्माण, भू-सर्वेक्षण, पथ निर्माण और पंचायत योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों से सुझाव प्राप्त कर, त्वरित समाधान हेतु निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के ससमय और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का निर्देश दिया और लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने की बात कही।
विशेष सर्वेक्षण और बंदोबस्त कार्य में हुई प्रगति
विशेष सर्वेक्षण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुजफ्फरपुर के 1827 राजस्व ग्रामों में से 1721 ग्रामों में विशेष सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ किया जा चुका है, जिसमें 14 सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, 22 कानूनगो और 324 अमीन कार्यरत हैं। सर्वेक्षण दल भू-धारियों से स्वघोषणा प्रपत्र लेकर रिकॉर्ड को सॉफ्टवेयर में अपलोड कर रहे हैं।
शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा में सकारात्मक कदम
शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिले के 3356 विद्यालयों में से 2407 में बेंच-डेस्क और 2335 विद्यालयों में हैंड वॉश स्टेशन लगाए गए हैं। 95.56% म्यूटेशन मामलों और 99.52% एलपीसी निर्गत का निष्पादन किया गया है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना (2016-2021) की 98.89% और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की 85.60% सफलता दर दर्ज की गई।
मनरेगा और वृक्षारोपण योजनाओं में लक्ष्य की प्राप्ति
मनरेगा योजना के तहत 99.91% परिवारों को कार्य उपलब्ध कराया गया। वृक्षारोपण में लक्ष्य से अधिक 121.69% पौधारोपण किया गया है।

खेल और युवा कार्यक्रम में सराहनीय उपलब्धि
मुजफ्फरपुर की अपराजिता मिश्रा ने जॉर्जिया में अंतरराष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया, साथ ही रग्बी में सपना कुमारी, स्वीटी कुमारी और आरती कुमारी जैसी खिलाड़ियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
स्वास्थ्य और टीकाकरण में उल्लेखनीय प्रगति
स्वास्थ्य विभाग में 96% पूर्ण टीकाकरण, 75% संपूर्ण टीकाकरण और 129% एएनसी पंजीकरण की उपलब्धि रही।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में मुजफ्फरपुर का तीसरा स्थान
जिले ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में 101.23% लक्ष्य के साथ राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी, मंत्री केदार गुप्ता, विभिन्न विधायकगण, वरिष्ठ अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे।












