Breaking: खेग्रामस ने हक दो-वादा निभाओं अभियान के तहत जुलूस निकालकर पूसा प्रखंड मुख्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन
-छोटे से कार्य के लिए गरीबों को कार्यालय का बार-बार चक्कर कटवाया जाता है :- अमित कुमार
-गरीबों को उनका हक दिलवाने की लड़ाई भाकपा-माले व खेग्रामस लड़ रही है :- जीवछ पासवान
-गरीबों की आवाज से गूंजता रहा पूसा प्रखंड मुख्यालय :- ललन कुमार
-लाल झंडा हाथों में लिए लाल सलाम के नारे लगा रहे थे गरीब-मजदूर
पूसा।संवाददाता।
अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के बैनर तले हक दो-वादा निभाओं अभियान के तहत प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में महिलाएं, गरीब- मजदूरों ने मानस मंदिर से जुलूस निकालकर बैंक-चौक, थाना होते हुए पूसा प्रखंड मुख्यालय पर पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान महिलाएं, गरीब-मजदूर हाथों में लाल झंडा थामे हुए लाल सलाम व 70 हजार रूपये का आय प्रमाण पत्र बनाने के नारे लगा रहे थे। प्रखंड मुख्यालय गरीबों की आवाज से गूंज रहा था। प्रदर्शन के बाद सभी धरना पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने
95 लाख महागरीब परिवारों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि अविलंब देने, 70 हजार रूपये का आय प्रमाण पत्र निर्गत करने,पूसा थानाध्यक्ष व 112 वाहन पर तैनात दारोगा अजय कुमार को पूसा से हटाने, भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमिल आवासीय जमीन देने, सबको पक्का मकान व 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने, चंदौली पंचायत के वार्ड संख्या 01 में करीब 03 वर्ष से अधर में लटकी नल जल योजना को चालू कराने, मनरेगा में लूट-खसोट व फर्जी निकासी पर रोक लगाने, मजदूरों को 200 दिन काम व 600 रूपये दैनिक मजदूरी देने, जनहित में बिरौली चौक पर अविलंब स्पीड ब्रेकर व गोलंबर का निर्माण कराने,आँगनबाड़ी व राशन- किरासन वितरण में गड़बड़ी पर रोक लगाने समेत 12 सूत्री मांगो को पूरा करने की मांग की।
मौके पर सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता खेग्रामस प्रखंड सचिव सुरेश कुमार व संचालन भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने किया। सभा को खेग्रामस जिला सचिव सह जिला स्थायी समिति सदस्य जीवछ पासवान, किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार, जिला कमिटी सदस्य महेश कुमार, किशोर कुमार राय व सुनिता देवी आदि ने संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि सरकार के तमाम दावे खोखले साबित हो रहे हैं। गरीब- मजदूरों को उनका हक नहीं मिल रहा है। प्रखंड मुख्यालय व मनरेगा दलाल- बिचौलियों की गिरफ्त में है। छोटे से कार्य के लिए गरीबों को कार्यालय का बार-बार चक्कर कटवाया जाता है। गरीबों को उनका हक दिलवाने की लड़ाई भाकपा-माले व खेग्रामस लड़ रही है।

खेग्रामस के जिला सचिव जीवछ पासवान ने कहा कि अंचल के द्वारा गरीबों को 70 हजार रूपये का आय प्रमाण पत्र निर्गत करने में टालमटोल किया जा रहा है। भूमिहीनों को 5 डिसमील जमीन व पक्का मकान अविलंब नहीं दिया गया तो खेग्रामस जिलाव्यापी आंदोलन चलाएगी।
अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं में दलाल- बिचौलियां हावी है। जब तक गरीब- मजदूरों को 70 हजार रूपये का आय प्रमाण पत्र नहीं दिया जाता तब तक आंदोलन चलता रहेगा।
नेताओं ने कहा है कि मांगो को लेकर बीडीओ से वार्ता हुई, मांगो को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। यदि मांगो को पूरा नहीं किया गया तो 26 सितंबर को दुबारा प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मौके पर भाग्यनारायण राय, अजय कुमार, केदार कुमार, अमृता देवी, शनिचरी देवी, बिराजी दास, रजिदा खातून, संगीता देवी, ललिता देवी, महेन्द्र राम, शिवजी सदा, गुड़िया देवी, शिवचंद्र राम, मो. आसीफ, सकिला खातून, संतोष तिवारी, भूपन तिवारी, नसीमा खातून, ललिता देवी, बबिता देवी, सीता देवी, मंति देवी, किरण देवी, मंजू देवी, आरती देवी आदि सैकड़ों लोग मौजूद थे।
















