-होटल में पुलिस की रेड
-सिपाही भर्ती परीक्षा के कई एडमिट कार्ड और कागजात मिले
-तीन संदिग्ध धराए
संवाददाता ।पटना।
पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक होटल में पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान एक कमरे से तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनके पास से सिपाही भर्ती परीक्षा के आठ एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, चेकबुक, नगद, मोबाइल और कई शैक्षणिक प्रमाण पत्र मिले हैं। पुलिस ने तीनों की पहचान प्रेम कुमार, रामाशीष एवं चंदन कुमार के रूप में की है। कोतवाली थाने में तीनों से पूछताछ चल रही है। आशंका है कि यह लोग सिपाही भर्ती परीक्षा में किसी बड़ी गड़बड़ी की तैयारी में थे।
पटना पुलिस का यह मानना है कि हिरासत में लिए गए युवकों का तार सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े हो सकते हैं। इस मामले को लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के बाद ही मामला स्पष्ट होगा। पुलिस ने उनके पास से जो कागजात बरामद किए हैं वह किशनगंज, पूर्णिया और अररिया के अभ्यर्थियों का होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी युवकों से अलग-अलग तरीके से पूछताछ कर रही है।

सात अगस्त से शुरू हुई सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा 11, 18, 21, 25 और 28 अगस्त 2024 को आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। छह पालियों में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिन एक पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। 21,391 खाली पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्तियां की जाएगी। इसके लिए लगभग 18 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।












