-जिनके नाम से जमीन की जमाबंदी है उनका आधार एवं मोबाइल लिंक करने के निर्देश
-राजस्व कर्मचारियों की बैठक में समीक्षा के बाद दी गयी निर्देश
-31दिसम्बर तक अंतिम तिथि
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
जिनके नाम से जमीन की जमाबंदी है,उनका आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर लिंक करने की प्रक्रिया की शुरुआत की गई है। बन्दरा अंचल प्रशासन ने इसको लेकर सभी राजस्व कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई से संबंधित निर्देश दिए हैं। साल के अंत तक हर हाल में यह प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी अंचल अधिकारी रोहन रंजन सिंह ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देश के आलोक में यह कार्रवाई की जा रही है। अंचल क्षेत्र में जितने भी हल्का-हल्का क्षेत्र हैं। वहां के राजस्व कर्मचारियों को साल के अंत तक इसे अपडेट करने को लेकर निर्देशित किया गया है। यदि जमाबंदी धारी व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है तो वर्तमान में उनके जो उत्तराधिकारी हैं,उनके आधार एवं मोबाइल नंबर अपडेट करने को कहा गया है। इसको लेकर लोगों को कोई संसय करने की जरूरत नहीं है।

वहीं ग्रामीण सूत्रों का बताना है कि अंचल प्रशासन के दिशा निर्देश के आलोक में विभिन्न हल्का क्षेत्र में कर्मचारियों के यहां संबंधित जमींदारों का आना भी शुरू हो गया है। वहीं कई हल्का कार्यालय में राजस्व कर्मचारियों के कई बार नहीं रहने के कारणों से जमींदारों को लौट जाने की स्थिति भी हो रही है। जिसके कारण से परेशान लोग बन्दरा अंचल कार्यालय का भी चक्कर लगाने लगे हैं। इस मामले को लेकर सीओ ने कहा कि हल्का कार्यालय में राजस्व कर्मचारी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहने तथा सभी जमींदारों के संबंधित कागजात अपडेट करने को लेकर निर्देशित किया गया है। गुरुवार की संध्या भी सभी राजस्व कर्मचारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। जिसमें इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई है।नवीनतम राजस्व रशिदों के साथ आधार कार्ड एवं चालू मोबाइल नम्बर जमींदारों से अविलंब जमा लेने एवं उसको अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके लिए 31 दिसम्बर की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।












