-प्रखण्ड मुख्यालय में कई महीने से बन्द है आधार केंद्र,परेशान जरूरतमंद रोजाना लगा रहे प्रखण्ड का चक्कर
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
प्रखंड मुख्यालय में पिछले कई महीने से आधार केंद्र बंद है। जिसके कारण से विभिन्न सुदूर इलाकों से प्रखंड मुख्यालय पहुंचे जरूरतमंद लोगों को प्रत्येक दिन लौट जाना पड़ रहा है। इससे लोग जहां परेशान हैं, वही जरूरतमंद लोगों से विभिन्न जगहों पर 300 से 500 रुपये आधार कार्ड बनवाने या तकनीकी त्रुटियों को सुधार करवाने के नाम पर अवैध वसूली जैसी शिकायत मिल रही है।वहीं कुछ लोगों की शिकायत है कि प्रखंड मुख्यालय में संचालित केंद्र के नाम पर दूसरे जगहों पर आधार का काम संचालित किए जा रहे हैं। जबकि धरातल पर प्रखंड मुख्यालय में कोई सेंटर संचालित है ही नहीं। बन्दरा के मनोज झा,चांदपुरा के सच्चिदानंद ठाकुर,सकरी के कृष्ण कुमार तिवारी,हत्था के मनोज राज,कमोद कुमार एवं अन्य ने बताया कि वे परिवार के छोटे बच्चों का आधार बनवाने को लेकर कई महीने से चक्कर लगा रहे हैं।इस संबंध में प्रखण्ड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी जुली कुमारी ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय में पिछले कई महीने से आधार केंद्र बंद है। पूर्व से जो केंद्र संचालित है, उसके कहीं बाहर चलने की शिकायत लोगों द्वारा सुनी जा रही है। वहीं बन्दरा प्रखंड मुख्यालय का केंद्र अक्सर बंद रहने की शिकायत लोग कर रहे है। लोगों की शिकायत है कि प्रखंड मुख्यालय आधार कार्ड के कारणों से आने वाले जरूरतमंद लोगों को लौट जाना पड़ रहा है।

प्रखण्ड क्षेत्र के जरूरत मन्दों को इसके लिए भटकना पड़ रहा है। कई लोग पड़ोसी प्रखण्ड एवं जिला क्षेत्र में जाकर त्रुटि संधारण या इनरौल कराने को मजबूर हैं। वहीं जदयू नेता मनोज झा ने बताया कि यदि प्रखंड मुख्यालय के नाम पर कहीं केंद्र संचालित हो रहा है, तो यह गलत है। प्रखण्ड मुख्यालय में कई महीने से कोई केंद्र संचालित नहीं है। इस संबंध में पूर्व में भी तात्कालिक बीडीओ प्रशान्त कुमार ने नाराजगी जताई थी। तब उन्होंने कहा था कि आधार कार्ड निशुल्क इनरौल और तकनीकी सुधार की प्रक्रिया की जानी है। यदि आधार कार्ड के नाम पर कहीं अवैध वसूली हो रहा है तो ऐसे केन्दों एवं संचालकों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही होनी चाहिए।












