-बारिश ने बढ़ाई स्कूली बच्चों की परेशानी,भीगते-गिरते-पड़ते स्कूलों में पहुंचते दिखे बच्चे
बन्दरा। दीपक।
लगातार बारिश की वजह से प्रखंड एवं आसपास के स्कूल में शनिवार को बच्चों का पहुंचना काफी मुश्किल रहा। प्रायः स्कूलों में उपस्थिति लगभग आधे से भी कम रहीं, हालांकि इनदिनों सरकारी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा का कार्यक्रम चल रहा है।लगातार हवादार बारिश की वजह से छोटे-बड़े बच्चों का स्कूल पहुंचना काफी खतरों से भरा रहा। कहीं सड़कों पर जल जमाव की वजह से गांव-टोले-कस्बे से तो कहीं गांव के मुख्य सड़कों से होकर स्कूलों तक बच्चों का पहुंचना काफी मुश्किल भरा सबब रहा। कहीं विद्यालय में बच्चे पहुंचे तो गए,लेकिन विद्यालय परिसर में हीं जल जमाव के बीच अपने कक्षों तक पहुंचने की मजबूरी रही। इस दौरान बच्चे गिरते-संभलते तो कहीं जलजमाव में भीगते-गिरते-पड़ते बच्चे स्कूलों में अपने कक्षाओं तक पहुंचते रहे। कई विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा हुई भी तो कहीं छात्र संख्या नगण्य रहने की वजह से नहीं हो सकी, हालांकि इस दौरान विद्यालयों के शिक्षक संशय में भी रहे तथा बीआरसी और सीआरसी से संपर्क साधते रहे कि ऐसी स्थिति में क्या किया जा सकता है। छात्र संख्या जहां अच्छी रही वहां परीक्षा लिए गए,जहां छात्र नगण्य रहे, वहां विकल्प के तौर पर दूसरे दिन परीक्षा आयोजन की बात कही गई।

विद्यालय परिसर में जल जमाव की वजहों से प्रखंड के कई विद्यालयों में परेशानी की खबर है। प्रखंड के पूर्वी एवं उत्तरी बॉर्डर क्षेत्र हत्था पंचायत की बेसिक स्कूल हत्था एवं हाई स्कूल सह उत्क्रमित इंटर कॉलेज हत्था के संयुक्त परिसर में करीब घुंटने भर तक जलजमाव से होकर बच्चे स्कूल पहुंचते रहे।गोविंदपुर छपरा मिड्ल स्कूल, बन्दरा मिड्ल स्कूल एवं उक्रमित हाईस्कूल परिसर, सकरी मन उत्क्रमित हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेज सहित,चंदौली प्राथमिक विद्यालय सहित कई अन्य विद्यालयों की भी तकरीबन यही स्थिति रही।












