Advertisement

मौसम : उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर होगी हल्की से मध्यम वर्षा

-आज कैसा रहेगा पटना का मौसम? उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर होगी हल्की से मध्यम वर्षा

पटना।संवाददाता।

प्रदेश के अधिसंख्य जिलों के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन व वज्रपात की संभावना है। पटना समेत दक्षिणी भागों के कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे। कुछ जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा के आसार हैं।

रविवार को पटना समेत उत्तरी व दक्षिणी भागों में कुछ स्थानों पर वर्षा होने से मौसम सामान्य बना रहा। बीते 24 घंटों में नालंदा जिले के हरनौत में 99.0 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, राजधानी में 3.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी वर्षा होते ही अलर्ट हो गए। तेजी से पानी निकासी के लिए जगह-जगह मैनहोल के ढक्कन खोल दिए गए। नगर आयुक्त भी निगरानी करते रहे।

संप हाउस की निगरानी शुरू हो गई। वार्डों में भ्रमण कर पानी के ठहराव वाले स्थलों से पानी का निकासी की गई। हालांकि, वर्षा ज्यादा देर तक नहीं होने के कारण जलजमाव जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो पाई थी।

उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर 7 और 8 अगस्त को वर्षा की सक्रियता में वृद्धि होगी। कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने 9 अगस्त तक के लिए शुक्रवार को जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा कि पूर्वानुमानित अवधि में 7-8 अगस्त को वर्षा की सक्रियता में वृद्धि हो सकती है।

उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी तथा पश्चिमी चम्पारण के जिलों के कुछ स्थानों पर 24 घंटों की अवधि में वर्षा 50 मिलीमीटर से अधिक हो सकती है।

इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 55 से 65 प्रतिशत रहने की संभावना है।