चंपारण की खबर::
-पुलिस और डकैतों के बीच मुठभेड़ में दो डकैत ढ़ेर, तीन पुलिसकर्मी जख्मी
– घटना स्थल पर पहुंचे डीआईजी ने स्थिति का लिया जायजा, पदाधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
पूर्वी चम्पारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र के पुरनहिया कोठी में रविवार की देर रात्रि पुलिस व नेपाली डकैत गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली से दो डकैत मारे गए। साथ ही डकैतों द्वारा फेंके गए बम से तीन पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए। वहीं कई डकैत बम फोड़ते हुए भागने में सफल रहे। इस दौरान पुलिस ने घटना स्थल से एक पिस्टल व कई जिन्दा बम, गैस सिलेंडर, आक्सीजन गैस सिलेंडर, टांगी आदि बरामद किया है। वहीं घटना के दूसरे दिन चंपारण प्रक्षेत्र के डीआईजी जयंत कांत ने घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

वहीं इस संबंध में एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बीते दो माह में जिले के घोड़ासहन के श्रीपुर, रक्सौल के महदेवा व भेलाही में हुई डकैती के बाद विशेष डकैती निरोधक दस्ता तैयार किया गया था। जिसके बाद निरोधक दस्ता टीम डकैतों की टोह में लगी हुई थी। जैसे ही डकैत गिरोह के आने की सूचना मिली, वैसे ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और डकैत गिरोह से मुठभेड़ हो गया। इधर डकैत गिरोह के दो सदस्यों के मारे जाने की सूचना पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। मामले की सूचना मिलते हीं डीआईजी जयंतकांत भी घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया। बता दें कि दो महीने से लोग डकैतों के आतंक के साये में जी रहे थे। डकैतों के मारे जाने से क्षेत्र के लोगो ने राहत की सांस ली है। सभी ने पुलिस की इस उपलब्धि पर बहुत बहुत बधाई दी है।
















