Advertisement

पूर्व मुखिया प्रत्याशी को सरेआम बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

-पूर्व मुखिया प्रत्याशी को सरेआम बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

सम्वाददाता। पटना/गोपालगंज।

बिहार में गोपालगंज जिले के बेखौफ अपराधियों ने पूर्व मुखिया प्रत्याशी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली लगने से बुरी तरह घायल को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत को गंभीर बताते हुए तत्काल गोरखपुर रेफर कर दिया गया। घायल मुखिया प्रत्याशी का नाम संजीव यादव उर्फ तियायी यादव (35) बताया गया है। वह उचकागांव के भगवानपुर निवासी स्व लगनदेव चौधरी का पुत्र है।
घटना उचकागांव थाना क्षेत्र के बालाहाता गांव के समीप की है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि जख्मी संजीव यादव किसी काम को लेकर मोटरसाइकिल से बालाहाता गांव के बाजार पर गए थे। जैसे ही अपनी मोटरसाइकिल को खड़ी किए तभी अज्ञात मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनके पीठ में गोली मार दी। वहीं गोली लगने के बाद वह मौके पर ही गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए अपराधी गोली मारने के बाद हवाई फायरिंग करते हुए दूसरी तरफ भाग निकले।

परिजनों के मुताबिक घटना की सूचना के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पीड़ित को सदर अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने पीड़ित की नाजुक हालत को देखते हुए गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया है। उचकागांव पुलिस के मुताबिक घटना के बाद थाना क्षेत्र में सभी इलाके में संदिग्ध बाइक सवार लोगों की जांच अभियान तेज कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। परिजनों से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। जिससे यह पता लगाया जा सके कि उन्हें किसके ऊपर शक है। पुलिस ने बताया कि अभी गोलीबारी की असली वजह का पता नहीं चल सका है। बहरहाल गोलीबारी की इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।