Advertisement

नये राजद जिलाध्यक्ष मनोज यादव का भव्य अभिनंदन समारोह

मोतिहारी। राजन द्विवेदी

– नौ साल में देश के लोगों को भाजपा सरकार ने परेशान कर रखा है: मंत्री
– नये राजद जिलाध्यक्ष मनोज यादव का देवा गुप्ता के नेतृत्व में हुआ भव्य अभिनंदन समारोह

 

रविवार की देर शाम मोतिहारी की मेयर आवास परिसर में राजद नेता देवा गुप्ता के नेतृत्व में राजद के नये जिलाध्यक्ष मनोज यादव का भव्य अभिनंदन हुआ। साथ ही अभिनंदन सह मिलन समारोह में देवा गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने राजद की सदस्यता ग्रहण की और उनका पार्टी में स्वागत फूल माला और अंगवस्त्रम से जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के कानून मंत्री डॉ शमीम अहमद ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी विपक्षी पार्टी भाजपा ने अपने नौ साल के शासन काल में देश के लोगों को परेशान कर रखा है। युवाओं को रोजगार के नाम पर एक फैक्ट्री भी बिहार में नहीं लगवाई और झूठे वादों से लोगों को ठगा है। सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा के किए जा रहे फरेब से लोगों को जागरूक करना है। वह दिन दूर नहीं जब वर्ष 2024 एवं 2025 में होने वाले चुनाव में हमारा महागठबंधन ही परचम लहराएंगे।
बताया कि बिहार में सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के द्वारा स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार आ गया है। लगातार विकास कार्य जारी हैं।

वहीं दूसरी ओर राजद जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि भाजपा मतलब झूठ पार्टी है। यहीं पर पीएम नरेंद्र मोदी ने मोतिहारी चीनी मिल चालू कर उसकी चीनी के बने चाय पीने का वादा किया था जो महज जुमला भर साबित हुआ। नोटबंदी के नाम काला धन वापस मंगाने और देश वासियों के खाते में पंद्रह पंद्रह लाख रुपए डलवाने का जो वादा किया वह भी झूठ साबित हुआ। अब बिहार ही नहीं देश के लोग भाजपा की नाकामियों को जान गए हैं, जो नहीं जानते उन्हें हमे जागरूक करना होगा। वहीं मोतिहारी मेयर प्रिति कुमारी ने कहा कि अब भाजपा मुक्त बिहार और समाज बनाने का समय आ गया है। हम सभी संयुक्त और भरपूर कोशिश कर भाजपा को बिहार से भगा देंगे तभी दम लेंगे। मौके पर पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण यादव, राजेन्द्र राम, राजद के वरिष्ठ नेता सह अधिवक्ता राजीव कुमार द्विवेदी उर्फ पप्पू दुबे, एहतेशाम अहमद, लालबाबू यादव, मोहम्मद मुजाहिद शेख, पूर्व राजद जिलाध्यक्ष बच्चा यादव सहित कई राजद नेता मौजूद थे।