-बिहार में भारी बारिश-ओलावृष्टि: 19 जिलों में बरसेंगे इंद्र देव; वज्रपात से 10 की मौत
सम्वाददाता। पटना।
बिहार में मौसम ने फिर करवट ली है। प्रचंड गर्मी के बीच बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश ने राहत दी है। हालांकि, वर्षा के साथ वज्रपात और आंधी ने तबाही भी मचाई है। खासकर कोसी, सीमांचल, पूर्व बिहार और उत्तर बिहार के जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मंगलवार को पूरे राज्य में आंधी व वज्रपात से 10 लोगों की मौत हो गई है। फसलों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन मौतों पर संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के स्वजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का आदेश दिया है।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कुछ जिलों में वर्षा और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। आज पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण में वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है। उत्तरी बिहार के अधिकांश हिस्से एवं दक्षिण के पटना, गया, नालंदा व नवादा सहित 19 जिलों में वर्षा का पूर्वानुमान है।गुरुवार को पटना में भारी वर्षा हो सकती है।
















