चंपारण की खबर::
-संग्रामपुर में खाद खरीदारी के लिए संग्राम, आपस में भिड़े किसानों ने की आपस में ही मारपीट
– कतार में आगे खड़ा रहने को लेकर शुरू हुई झड़प
मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण में यूरिया के लिए हाहाकार मचा हुआ है। खाद की इस कदर किल्लत है कि किसानों अब आपस में ही संग्राम छेड़ दिया है। वहीं यूरिया खाद की खरीदारी को लेकर मारामारी मची हुई है। इसी बीच जिले के संग्रामपुर प्रखंड के इफको बाजार में यूरिया के लिए लाइन में लगे किसानों के बीच आगे खड़े रहने को लेकर मारपीट हो गई। वहां मौजूद अन्य किसानों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। फिर स्थानीय थाना से बड़ी संख्या में पुलिस बल भेजकर यूरिया की बिक्री करायी गई। मोतिहारी में यूरिया के लिए दुकानों पर अहले सुबह से किसानों की लंबी-लंबी कतार लग जा रही है।

किसान दिनभर लाइनों में लगकर खाद की खरीदारी का इंतजार कर रहे हैं। इसके बावजूद किसानों के हाथ खाली रह जा रहे हैं। इस कारण किसानों का धैर्य जवाब दे रहा है। खाद की खरीदारी के लिए दिनभर सारा काम छोड़कर कतार में खड़े किसान झुंझलाहट के कारण जरा सी बात पर आपस में ही उलझ जा रहे हैं। ताजा मामला संग्रामपुर प्रखंड का है। यहां इफको बाजार में यूरिया के लिए लाइन में लगे किसानों के बीच आपस में हुई झडप मारपीट में बदल गई। संग्रामपुर इफको बाजार में 800 बैग यूरिया आने की जानकारी जैसे ही किसानों को मिली, किसानों की भीड़ इफको बाजार में उमड़ पड़ी। देखते देखते महिला और पुरुषों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। इसी बीच कतार में खड़े किसानों के बीच आगे-पीछे का झंझट शुरू हो गया। यह नोंकझोंक हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद तो जमकर लात घूसे चलने लगे। फिर पुलिस ने शांतिपूर्ण तरीके से यूरिया का वितरण कराने का बाद में प्रयास किया। वहीं अब जिले में किसान यूरिया के लिए जगह-जगह सड़क जाम कर अपना विरोध जता रहे हैं।
















