-यूरिया खाद लेने के लिए इफको बाजार पर जुटी किसानों की भारी भीड़
ताजपुर । संवाददाता।
एन एच 28 मुसरीघरारी -मुजफ्फरपुर पथ स्थित ताजपुर इफको बाजार केंद्र पर यूरिया खाद उपलब्ध होते ही किसानों की भारी भीड़ जुट गई। जिससे खाद लेने को लोगों में अफरातफरी मच गई। मालूम हो कि पिछले करीब एक माह से ताजपुर प्रखंड क्षेत्र के किसान खाद की किल्लत झेल रहे थे। खेती के लिए उन्हें समुचित मात्रा में खाद नहीं मिल रहा था।

जिससे खाद को ले जरूरतमंद किसान रोज-रोज बाजार का चक्कर लगाने को विवश थे। सोमवार की शाम इफको गोदाम में यूरिया खाद की खेप पहुंचते ही आसपास से किसानों की भीड़ जुटने लगी। जो मंगलवार और बुधवार को भी दिनभर बदस्तूर जारी रही।
दुकान खुलने से पहले ही तड़के सुबह से कस्बे आहर, मोतीपुर, गद्दोपुर, भेरोखरा, रामापुर महेशपुर, चकपहार, रजवा, रहीमाबाद, शाहपुर बघौनी आदि जगहों से किसान आकर खाद लेने को लाइन में लगे हुए थे। लगभग नौ बजे के करीब दुकान खुलने पर सभी किसानों को आधार कार्ड की फोटो कॉपी लेकर खाद की आपूर्ति की गई। हालांकि बाजार में अभी भी डीएपी खाद नहीं मिल रहा है। उसकी किल्लत जारी है। इफको बाजार के संचालक अजय कुमार ने बताया कि स्टॉक में समुचित मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध हो गया है। लगभग एक हजार बोरा यूरिया खाद की आपूर्ति की गई है। किसानों को उचित दर से दिया जा रहा है। वही डीएपी का रैक नहीं आया है। डीएपी उपलब्ध नहीं रहने के कारण किसानों को दिक्कत हो रही है । उपलब्ध होते ही वितरण कराया जाएगा ।
















