Advertisement

बिहार में शराब की सप्लाई करने वाले दो हाई प्रोफाइल माफिया गुवाहाटी के 5 स्टार होटल से गिरफ्तार

-बिहार में शराब की सप्लाई करने वाले दो हाई प्रोफाइल माफिया गुवाहाटी के 5 स्टार होटल से गिरफ्तार

संवाददाता। औरंगाबाद/पटना।

बिहार पुलिस की मद्य निषेध इकाई ने शराबबंदी से जुड़े मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने असम के गुवाहाटी स्थित फाइव स्टार होटल में छापा मारकर लिकर किंग माने जाने वाले सुनील भारद्वाज उर्फ सुनील शर्मा और उसके पार्टनर दोरजी फुन्सो करीमी को गिरफ्तार किया है. दोनों के नाम से हरियाणा, गोवा, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश में आधा दर्जन से अधिक शराब और स्प्रिट की फैक्ट्रियां हैं, जिनका टर्न ओवर करोड़ों रुपये में है. इसके अलावा भी दोनों कई कंपनियों के मालिक हैं, जिनका कार्यालय नई दिल्ली के कनाट प्लेस में भी है।


मद्य निषेध इकाई के डीएसपी अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि शराबबंदी के बाद से बिहार में अवैध शराब की आपूर्ति करने में दोनों की बड़ी संलिप्तता रही है. सुनील और दोरजी अपनी फैक्ट्री में बनी शराब बिहार के अवैध धंधेबाजों तक पहुंचा रहे थे. दोनों के विरुद्ध ग्रेटर नोएडा के अलावा बिहार के अलग-अलग जिलों के 20 थानों में उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज हैं. इन दोनों लिकर माफियाओं के खिलाफ बिहार में कुल 22 केस शराबबंदी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए थे.

पिछले साल मार्च में औरंगाबाद के अंबा जिले में पकड़ी गई शराब की खेप मामले की जांच में सुनील भारद्वाज का नाम सामने आया था. इसके बाद करीब डेढ़ साल तक पुलिस ने दोनों के विरुद्ध पर्याप्त सबूत जमा कर कोर्ट से वारंट प्राप्त किया. इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों शराब माफिया गुवाहाटी के होटल में हैं. इसके बाद विशेष टीम गुवाहाटी गई, जहां से दोनों को होटल में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया. इसके बाद कोर्ट से रिमांड लेकर बिहार पुलिस की टीम पटना पहुंची जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है.