Advertisement

990 किलो गांजा बरामद, कंटेनर चालक-उपचालक गिरफ्तार

-990 किलो गांजा बरामद, कंटेनर चालक-उपचालक गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले के तुर्की थाना क्षेत्र में पटना से आई नारकोटिक्स विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से करीब 990 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मौके से ट्रक के चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पटना नारकोटिक्स विभाग को सूचना मिली थी कि तुर्की थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक खड़ा है, जिसमें मादक पदार्थ की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर नारकोटिक्स विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर कंटेनर को कब्जे में लिया।

तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 990 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान ट्रक चालक और उपचालक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांजे से भरा कंटेनर स्थानीय थाना से कुछ दूरी पर खड़ा था।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीम पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना की पहचान के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।

एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेष चंद्रा ज्ञानी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना नारकोटिक्स विभाग को मिली सूचना के आधार पर तुर्की थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 990 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपये में है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।