Advertisement

95 साल पुराना हस्तलिखित अखबार बना आकर्षण का केंद्र, BDO ने किया सम्मान

-95 साल पुराना हस्तलिखित अखबार बना आकर्षण का केंद्र, BDO ने किया सम्मान

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत स्थित फुलवरिया गांव में आजादी से पहले वर्ष 1930 का एक दुर्लभ हस्तलिखित अखबार मिलने की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने गांव पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय हरिद्वार सिंह के पुत्र राजकिशोर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान बीडीओ ने अंगवस्त्र देकर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।

बताया गया कि यह दुर्लभ हस्तलिखित समाचार पत्र दो पन्नों का है, जिसमें उस दौर के सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख किया गया है। अखबार में अंग्रेजी हुकूमत द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारतीयों पर किए गए अत्याचारों और जुल्मों का भी वर्णन है। इसे ऐतिहासिक धरोहर माना जा रहा है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को इतने वर्षों तक सुरक्षित रखना गर्व की बात है। उन्होंने राजकिशोर सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और इतिहास को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

वहीं राजकिशोर सिंह ने बताया कि यह हस्तलिखित अखबार उनके पिता स्वर्गीय हरिद्वार सिंह ने सुरक्षित रखा था। पिता की धरोहर को संभालकर रखना उन्होंने अपना कर्तव्य समझा। उन्होंने कहा कि उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि यह अखबार एक दिन ऐतिहासिक धरोहर के रूप में चर्चा का विषय बनेगा।

बीडीओ ने अखबार के दोनों पन्नों का अवलोकन किया और करीब 95 वर्षों तक इसे सुरक्षित रखने के संबंध में राजकिशोर सिंह से विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।